हनुमानगढ़। नोहर-रावतसर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में मोटर साइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के संबंध में रावतसर थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार थालड़का निवासी 55 वर्षीय नौरंगलाल पुत्र रूपराम मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसका भतीजा भैराराम पुत्र दानाराम मेघवाल 15 जून को दोपहर में हेलमेट पहनकर मोटर साइकिल संख्या एचआर 44 जे 3470 पर सवार होकर नोहर जा रहा था। नौरंगलाल और उसके चाचा बेगराज भी अपनी गाड़ी से उसके पीछे-पीछे जा रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार करीब 12.30 बजे टोपरियां गांव से आगे टोल नाके से लगभग 100 मीटर पहले नोहर की ओर से आ रही टोयोटा इटियोस कार संख्या एचआर 29 एजे 2525 के चालक पवन गेदर निवासी गोगामेड़ी ने दूसरे वाहन को ओवरटेक करते समय कथित रूप से तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। शिकायत में बताया गया कि टक्कर के बाद मोटर साइकिल करीब 15 मीटर तक घिसटती चली गई और भैराराम सड़क पर गिर गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीछे आ रहे परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो युवक को मृत पाया। इस दौरान कार चालक भी मौके पर मौजूद मिला, जिसने अपना नाम पवन गेदर निवासी गोगामेड़ी बताया। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच थालड़का चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक मांगेराम मोठसरा को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
