
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय आयुष मिशन एवं आयुर्वेद विभाग के तत्वावधान में जंक्शन स्थित दुर्गा मंदिर धर्मशाला में आयोजित 10 दिवसीय निशुल्क अंतरंग आयुर्वेद क्षार सूत्र शल्य चिकित्सा शिविर में जिले भर से आए अनेक मरीज लाभान्वित हो रहे हैं। शिविर में आयुर्वेद की प्राचीन एवं वैज्ञानिक चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से विभिन्न रोगों का उपचार किया जा रहा है। शनिवार को विधायक गणेश राज बंसल ने शिविर का अवलोकन किया और उपचाररत मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान विधायक गणेश राज बंसल ने मरीजों को फल वितरित कर उनका मनोबल बढ़ाया। मरीजों ने शिविर में मिल रही सुविधाओं और चिकित्सकों की सेवाओं की सराहना की। विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का मुख्य उद्देश्य आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और प्राकृतिक चिकित्सा से जोड़ना है। आयुर्वेदिक उपचार पद्धति से बिना किसी दुष्प्रभाव के रोगों का प्रभावी इलाज संभव है और ऐसे निशुल्क शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं। आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. तीर्थ शर्मा ने बताया कि यह शिविर 7 जनवरी तक चलेगा। शिविर के प्रति लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए डाबर इंडिया के सहयोग से 0 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए निशुल्क स्वर्ण प्राशन संस्कार भी कराया जा रहा है। शिविर में आयुर्वेद विद्ध कर्म एवं अग्नि कर्म चिकित्सा के विशेषज्ञ डॉ. बलदेव एवं डॉ. राजन सेतिया की ओर से अब तक लगभग 20 मरीजों को लाभ पहुंचाया गया है। शल्य कर्म चिकित्सा के अंतर्गत अर्श (बवासीर) एवं भगंदर जैसे रोगों का उपचार डॉ. पंकज पोटलिया एवं डॉ. हरवीर सिंह की ओर से क्षार सूत्र पद्धति से किया जा रहा है। इससे मरीजों को सर्जरी के बिना राहत मिल रही है। कमर दर्द, सियाटिका, घुटनों सहित जोड़ों के दर्द से पीड़ित मरीजों का उपचार पंचकर्म पद्धति से डॉ. सत्यप्रकाश एवं डॉ. मनोहर स्वामी की ओर से किया जा रहा है। वहीं प्राकृतिक एवं योग चिकित्सा के माध्यम से डॉ. कुलदीप मरीजों को नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार, प्राकृतिक पेय एवं योग अपनाने के लिए जागरूक कर रहे हैं। स्त्री रोग से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए डॉ. पलक बेदी एवं डॉ. दीप्ति सिंघल सेवाएं प्रदान कर रही हैं।
