हनुमानगढ़। टाउन के वार्ड नम्बर 39 निवासी एक विधवा महिला ने खेत से जबरन रास्ता निकालने के लिए दबाव बनाने तथा परेशान करने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है। शुक्रवार को विधवा ने जिला कलक्टर के नाम प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की। सीलो देवी पत्नी पीरूराम सांसी निवासी वार्ड नम्बर 39, टाउन ने बताया कि उसके नाम चक नम्बर 21 एलएलडब्ल्यू में लगभग दो बीघा कृषि भूमि आवंटित है। इसी भूमि से होने वाली आय के सहारे वह अपना और अपनी चार पुत्रियों का पालन-पोषण कर रही है। सीलो देवी का आरोप है कि उसका खेत पड़ोसी शेराराम निवासी जण्डावाली उसकी भूमि में से अपने खेत तक पहुंचने के लिए रास्ता निकालना चाहता है। जबकि आसपास अन्य खेतों की भूमि से भी रास्ता निकाला जा सकता है। इसके बावजूद शेराराम बार-बार उसकी भूमि से रास्ता देने का दबाव बना रहा है। महिला ने आरोप लगाया कि शेराराम उसे लगातार परेशान करता है, गाली-गलौज करता है और डराने-धमकाने का प्रयास करता है। साथ ही जण्डावाली क्षेत्र में कार्यरत एक गिरदावर पर भी शेराराम का साथ देने तथा उस पर रास्ता देने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। सीलो देवी ने बताया कि वह गरीब विधवा महिला है और उसके पास आय का अन्य कोई साधन नहीं है। यदि उसकी कृषि भूमि प्रभावित होती है तो उसके परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है। वहीं, अन्य पड़ोसी किसानों के पास अतिरिक्त भूमि उपलब्ध होने के बावजूद उनसे रास्ता नहीं लिया जा रहा है। महिला ने जिला कलक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर उसे न्याय दिलाने तथा अनावश्यक दबाव और उत्पीड़न से राहत दिलाने की मांग की।
