– पीलीबंगा थाना क्षेत्र के गांव निहालपुरा के पास हुआ हादसा, ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज
हनुमानगढ़। पीलीबंगा थाना क्षेत्र के निहालपुरा गांव के निकट ट्रैक्टर की टक्कर से मोटर साइकिल सवार दो युवक घायल हो गए। घायलों में एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे हनुमानगढ़ से बीकानेर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है। मामले में पीलीबंगा थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार राजेन्द्र कुमार (33) पुत्र अंग्रेज राम ओड निवासी चक 12 एसटीबी तहसील पीलीबंगा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका बुआ का बेटा रणवीर पुत्र हरीकृष्ण ओड तथा काला सिंह पुत्र पालाराम दोनों निवासी चक 12 एसटीबी, 21 जून की रात करीब 8.30 बजे मंडी पीलीबंगा से मोटर साइकिल पर अपने घर लौट रहे थे। जब दोनों युवक निहालपुरा गांव से आगे चक 29 एसटीजी की ओर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर के चालक गुरतेज निवासी निहालपुरा ने कथित रूप से ट्रैक्टर को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए मोटर साइकिल को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में रणवीर और काला सिंह दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद रणवीर ने मोबाइल फोन के जरिए परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर राजेन्द्र कुमार और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे तथा दोनों घायलों को उपचार के लिए पीलीबंगा के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद काला सिंह को छुट्टी दे दी गई, जबकि रणवीर की हालत गंभीर होने के कारण उसे पहले हनुमानगढ़ और बाद में बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। वर्तमान में उसका इलाज पीबीएम अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच एएसआई मदनलाल को सौंपी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
