हनुमानगढ़। कोहला गांव के निकट हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत के मामले में घटना के 13 दिन बाद टाउन थाना पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के पिता ने सदमे के कारण तत्काल कार्रवाई नहीं करवाने की बात कहते हुए अब कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 1, किशनपुरा दिखनादा निवासी धर्मपाल (50) पुत्र ओमप्रकाश कुम्हार ने रिपोर्ट दी कि उसका पुत्र हीरालाल (27) गांव गुरुसर स्थित टाइम्स पब्लिक स्कूल में परीक्षा निरीक्षक के रूप में कार्यरत था। 10 जून की रात करीब 8.30 बजे हीरालाल अपने सहकर्मी हरीशचन्द्र के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटी पर स्कूल से घर लौट रहा था। स्कूटी हरीशचन्द्र चला रहा था जबकि हीरालाल पीछे बैठा था। कोहला गांव से आगे हनुमानगढ़-रावतसर मार्ग पर भारतमाला रोड से पहले पीछे से आए ट्रक नम्बर आरजे 31 जीबी 0116 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उसी दौरान पीछे आ रहे स्कूल कर्मचारी संदीप कुमार ने दुर्घटना देखी और घायलों की मदद की। बाद में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। हीरालाल के सिर में गंभीर चोट होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीकानेर रेफर कर दिया। परिजन जब उसे एंबुलेंस से बीकानेर ले जा रहे थे, तब हनुमानगढ़-सूरतगढ़ अंडरपास पार करने के बाद रास्ते में उसकी मौत हो गई। धर्मपाल ने पुलिस को बताया कि पुत्र की असामयिक मृत्यु से परिवार गहरे सदमे में था, इसलिए पोस्टमार्टम नहीं करवाया गया और 11 जून को अंतिम संस्कार कर दिया गया। बाद में हिम्मत जुटाने और अस्थि विसर्जन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दी। मामले की जांच के बाद टाउन थाना पुलिस ने प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना का मामला मानते हुए ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार को सौंपी गई है।
