– पेपर लीक मामलों पर कांग्रेस का हमला, रतनगढ़ विधायक बोले-युवाओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं
हनुमानगढ़। कांग्रेस के जिला प्रभारी एवं रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा ने कहा है कि देश और प्रदेश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार पेपर लीक मामलों की सच्चाई छिपाने का प्रयास कर रही है, जबकि कांग्रेस पार्टी युवाओं के हितों की रक्षा के लिए व्यापक आंदोलन चलाएगी। गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में ‘छात्रों की गूंजÓ अभियान को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में गोदारा ने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लाखों रुपए खर्च कर कोचिंग दिलाते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए कठिन परिश्रम करते हैं, लेकिन शिक्षा व्यवस्था की खामियों और पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनकी उम्मीदों को ठेस पहुंचती है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा से जुड़े पेपर लीक प्रकरण के बाद देशभर में चिंता का माहौल बना, लेकिन सरकार ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया। बाद में जनदबाव, न्यायालयी हस्तक्षेप और कांग्रेस के विरोध के बाद कार्रवाई शुरू हुई। गोदारा ने बताया कि राहुल गांधी की ओर से कोटा से शुरू किए गए ‘छात्रों की गूंजÓ अभियान का उद्देश्य देश के युवाओं और बेरोजगारों की आवाज को मजबूती देना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस संदेश को ब्लॉक, मंडल और जिला स्तर तक पहुंचाएंगे ताकि युवाओं से जुड़े मुद्दों पर व्यापक जनजागरण हो सके। विधायक ने दावा किया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाया था, जिसके कारण कई पेपर माफिया आज भी जेल में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने पेपर लीक के मुद्दे को चुनावी हथियार बनाकर सत्ता हासिल की, लेकिन सरकार बनने के बाद भी ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लगाई जा सकी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के साथ अन्याय नहीं होने देगी और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने तथा परीक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने की मांग को लेकर देशव्यापी जनआंदोलन चलाएगी। प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर, पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी, पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल, नोहर विधायक अमित चाचाण, पूर्व सांसद भरतराम मेघवाल मौजूद रहे।
