हनुमानगढ़। अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के मौके पर शुक्रवार को सतीपुरा स्थित बालाजी नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केन्द्र में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने समाज और विशेषकर युवा वर्ग में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके दुष्परिणामों से बचने का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से हरीश जोशी ने कहा कि नशे के कारण आज का युवा वर्ग अपने जीवन को बर्बाद कर रहा है और कई लोग अपराध की ओर भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे की लत से पारिवारिक जीवन प्रभावित होता है तथा स्वास्थ्य पर भी गंभीर और घातक प्रभाव पड़ते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवन शैली अपनाने का आह्वान किया। संस्था के निदेशक अनिल पूनिया ने बताया कि उनकी संस्था प्रत्येक वर्ष अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर नशा छोड़ चुके व्यक्तियों को सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित करती है। साथ ही उन्हें भविष्य में दोबारा नशा नहीं करने की शपथ भी दिलाई जाती है, ताकि वे समाज के लिए प्रेरणा बन सकें। कार्यक्रम में अजय कुमार, रामप्रताप, महेंद्र जाखड़, अजय बलिहारा, काकू गिल सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
