– ड्यूटी के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में पौधों को दे रहे पानी, परिंडों को भी रख रहे लबालब
हनुमानगढ़। पुलिस की जिम्मेदारियां निभाने के साथ यदि पर्यावरण संरक्षण और जीवों की सेवा का भाव भी जुड़ जाए तो यह समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन जाता है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थापित हैड कांस्टेबल शक्तिवीर सिंह इन दिनों अपनी ड्यूटी के साथ-साथ पर्यावरण और पक्षियों के संरक्षण के प्रति भी उल्लेखनीय जिम्मेदारी निभा रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच हैड कांस्टेबल शक्तिवीर सिंह प्रतिदिन अपनी ड्यूटी के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में लगे पौधों को नियमित रूप से पानी देते हैं। इसके साथ ही परिसर में लगाए गए परिंडों में भी पानी भरते हैं, ताकि तेज गर्मी में प्यास से व्याकुल पक्षियों को राहत मिल सके। उनका यह छोटा-सा प्रयास पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जीवों के प्रति संवेदनशीलता का भी संदेश दे रहा है। शक्तिवीर सिंह का कहना है कि पुलिस की ड्यूटी निभाना उनका कर्तव्य है, लेकिन इसके साथ पर्यावरण और जीव-जंतुओं की सेवा करना भी उतना ही बड़ा दायित्व है।

उनका मानना है कि यदि हर व्यक्ति अपने घर, कार्यालय या आसपास लगे पौधों की नियमित देखभाल करे और परिंडों में पानी रखे तो भीषण गर्मी के दौरान अनेक पक्षियों और अन्य जीवों का जीवन बचाया जा सकता है। पर्यावरण प्रहरी बनकर पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभा रही क्षेत्र की संस्था मानव उत्थान सेवा समिति के अध्यक्ष लादूसिंह भाटी ने शक्तिवीर सिंह के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को उनसे प्रेरणा लेते हुए गर्मी के मौसम में अपने घर, कार्यालय और आसपास रखे परिंडों में नियमित रूप से पानी भरना चाहिए, ताकि पक्षियों को प्यास के कारण अपनी जान न गंवानी पड़े। साथ ही पौधों को भी समय-समय पर पानी देना चाहिए, जिससे पर्यावरण हरा-भरा रहे और प्रकृति का संतुलन बनाए रखने में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति संवेदनशीलता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। ऐसे छोटे-छोटे प्रयास ही समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव रखते हैं।
