– प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को मिलेगा बेहतर अध्ययन वातावरण
हनुमानगढ़। जंक्शन के सेक्टर 9 स्थित राजकीय सार्वजनिक जिला पुस्तकालय का करीब 25 लाख रुपए की लागत से व्यापक नवीनीकरण किया जा रहा है। जिला प्रशासन की पहल से पुस्तकालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। नवीनीकरण के तहत पुस्तकालय में आधुनिक फर्नीचर, पांच एयर कंडीशनर (एसी) और चार नए कंप्यूटर लगाए जा रहे हैं। वर्तमान में अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। केवल एसी स्थापना और अंतिम फिनिशिंग का कार्य शेष है। कार्य पूर्ण होने के बाद जिला कलक्टर एवं विधायक के हाथों पुस्तकालय का लोकार्पण करवाने की तैयारी की जा रही है। पुस्तकालय में बच्चों से लेकर बुजुर्गांे तक के लिए विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध हैं। यहां धार्मिक ग्रंथ, कहानी, उपन्यास, सामान्य ज्ञान, गणित, विज्ञान सहित अनेक विषयों की पुस्तकें रखी गई हैं। इसके अलावा हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, पंजाबी, राजस्थानी और उर्दू सहित छह भाषाओं का समृद्ध साहित्य भी उपलब्ध है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए रेलवे, आरएएस, एसएससी, आईएएस सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध हैं। यदि किसी विद्यार्थी को विशेष पुस्तक की आवश्यकता होती है तो उसकी मांग पर पुस्तक मंगवाने की भी व्यवस्था की जाती है। पुस्तकालय की सदस्यता के लिए 150 रुपए प्रतिमाह शुल्क निर्धारित किया गया है। आवेदन के लिए 10 रुपए का फॉर्म, दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड की फोटोप्रति तथा किसी सरकारी कर्मचारी के हस्ताक्षर आवश्यक हैं। सदस्य बनने के बाद पाठक पुस्तकालय से अपनी आवश्यकता के अनुसार पुस्तकें भी जारी करवा सकते हैं।
100 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था
पुस्तकालय में अध्ययन के लिए 70 छात्रों और 30 छात्राओं, कुल 100 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने के बाद यहां अध्ययन का माहौल और अधिक अनुकूल होगा। राजकीय सार्वजनिक जिला पुस्तकालय के अध्यक्ष अंकिता यादव ने बताया कि यहां हनुमानगढ़ ही नहीं, बल्कि पंजाब से भी कई विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं, विशेषकर पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि पहले पुस्तकालय में एसी नहीं होने के कारण भीषण गर्मी में विद्यार्थियों को काफी परेशानी होती थी, लेकिन नवीनीकरण के बाद यह समस्या समाप्त हो जाएगी। उनका कहना है कि पुस्तकालय को आधुनिक अध्ययन केन्द्र के रूप में विकसित करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे पूरी एकाग्रता के साथ अपनी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें।
