– आर्य समाज मंदिर में अब गुरुवार तक चलेगा नि:शुल्क शिविर, बिना दवा एक्यूप्रेशर, कपिंग थैरेपी व एक्सरसाइज से मिल रही दर्द से राहत
हनुमानगढ़। टाउन स्थित आर्य समाज मंदिर में आयोजित नि:शुल्क प्राकृतिक चिकित्सा शिविर को लोगों का लगातार अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। मरीजों की बढ़ती संख्या और जन मांग को देखते हुए आयोजकों ने पांच दिन के लिए प्रस्तावित शिविर की अवधि बढ़ाकर छह दिन कर दी है। अब यह शिविर गुरुवार को भी आयोजित होगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। प्राकृतिक चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. मनोज चंदोलिया एवं विक्रम मशाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में बिना दवा विभिन्न प्राकृतिक उपचार पद्धतियों के माध्यम से लोगों को राहत पहुंचाई जा रही है। शिविर में घुटनों का दर्द, कमर दर्द, गर्दन दर्द, सर्वाइकल, गठिया, मोटापा तथा अन्य शारीरिक दर्द से पीड़ित मरीजों का उपचार किया जा रहा है। डॉ. मनोज चंदोलिया ने बताया कि मरीजों को एक्यूप्रेशर, कपिंग थैरेपी, इलेक्ट्रिक मसाज थैरेपी और विशेष एक्सरसाइज के माध्यम से उपचार दिया जा रहा है। साथ ही उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने और संतुलित खानपान रखने की सलाह भी दी जा रही है, ताकि भविष्य में दर्द की समस्या से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि शिविर में सबसे अधिक कंधे के दर्द, घुटनों के दर्द और पीठ दर्द से पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं। उनका कहना है कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में अधिकांश लोग शारीरिक गतिविधियों और व्यायाम से दूर हो गए हैं, जिसके कारण जोड़ों और मांसपेशियों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में दवा के साथ नियमित व्यायाम भी बेहद जरूरी है। आयोजकों के अनुसार शिविर में अब तक बड़ी संख्या में मरीज लाभान्वित हो चुके हैं। लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के नि:शुल्क प्राकृतिक चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। डॉ. चंदोलिया ने बताया कि हनुमानगढ़ में यह तीसरा प्राकृतिक चिकित्सा शिविर है और हर बार लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है।
