हनुमानगढ़। टाउन स्थित सेठ राधाकिशन बिहाणी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसआईयूसीएडब्ल्यू) राज कंवर, महिला थाना प्रभारी रजनदीप कौर तथा सहायक उपनिरीक्षक गायत्री चौधरी ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने हाल ही में पड़ोसी जिले में 13 वर्षीय बालिका के साथ हुई घटना का उल्लेख करते हुए छात्राओं को सतर्क रहने, साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराधों से बचने के उपाय बताए। साथ ही सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज कंवर ने बताया कि राज्य सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का गठन किया है। इसके अलावा एंटी रोमियो स्क्वायड भी महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े टोल फ्री नंबर, साइबर हेल्पलाइन और पुलिस सहायता सेवाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि समाज में बढ़ते अपराधों को केवल महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर पूरी तरह नहीं रोका जा सकता। इसके लिए सामाजिक सोच में बदलाव जरूरी है। उन्होंने कहा कि बेटियों के साथ-साथ बेटों को भी महिलाओं का सम्मान करना सिखाना होगा। यदि लड़कों में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित होगी तो महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में स्वत: कमी आएगी। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को संदेश दिया कि यदि उनके साथ किसी भी प्रकार की गलत घटना होती है तो उसे चुपचाप सहन न करें, बल्कि तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को इसकी जानकारी दें। समय पर आवाज उठाने से बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई संभव होती है।
