हनुमानगढ़। मसरूवाला गांव की एक महिला ने गुरुवार को सदर पुलिस थाना प्रभारी को परिवाद सौंपकर गांव के ही कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, जातिसूचक गालियां देने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। लोकजन शक्ति पार्टी के बैनर तले थाना प्रभारी से मिली पीड़िता व उनके परिजनों ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं व परिवादी पक्ष ने सदर थाना परिसर में सांकेतिक धरना भी दिया। मसरूवाला निवासी गुरदीप कौर पत्नी सोहन सिंह ने बताया कि 12 जुलाई की सुबह करीब 6.30 बजे परिवार के सदस्य घर पर थे। इसी दौरान गांव के गुरमेल सिंह ने कथित रूप से ट्रैक्टर से उनके पुत्र रणवीर की मोटर साइकिल क्षतिग्रस्त कर दी। शोर सुनकर परिवार के सदस्य बाहर आए तो आरोपित ट्रैक्टर लेकर वहां से चला गया। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत लेकर सरपंच के पास जाने के कुछ देर बाद गुरमेल सिंह पुत्र जीत सिंह, जग्गा सिंह पुत्र बलोर सिंह, बद्धू सिंह पुत्र बिकर सिंह, लक्खा सिंह तथा दो-तीन अन्य लोगों को लेकर उनके घर पहुंचा। सभी के हाथों में गंडासी, कुल्हाड़ी और लाठियां थीं। आरोप है कि उन्होंने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। परिवाद में कहा गया है कि हमले के दौरान महिला बेहोश हो गई। होश आने पर परिजनों ने बताया कि आरोपित जाते समय परिवार को खत्म करने और गांव से भगा देने की धमकी देकर गए। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उनके पुत्र को अपने साथ ले गई। अगले दिन 13 जुलाई को महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस ने बयान दर्ज किए। पीड़िता का आरोप है कि बयान दर्ज होने के बावजूद अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। गुरदीप कौर ने सदर पुलिस थाना प्रभारी से आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर लोकजन शक्ति पार्टी के जिलाध्यक्ष विकास झोरड़ सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
