– नवनियुक्त शिक्षकों का स्वागत कर छात्र-छात्राओं ने जताई खुशी, महेन्द्र शर्मा बोले-संघर्ष से मिली सफलता, अब पढ़ाई होगी सुचारू
हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में लंबे समय से रिक्त पड़े व्याख्याताओं के पदों को भरने की मांग को लेकर स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से चलाए गए आंदोलन को बड़ी सफलता मिली है। महाविद्यालय में आठ नए व्याख्याताओं की नियुक्ति होने के बाद छात्र-छात्राओं में खुशी का माहौल है। शुक्रवार को एसएफआई कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं ने पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष महेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में नवनियुक्त व्याख्याताओं विज्ञान संकाय से शाहीना खान एवं विनोद कुमार, कला संकाय से नीतीश कुमार, भगवाना राम एवं अक्षय कुमार तथा वाणिज्य संकाय से हीरालाल बिश्नोई, प्रदीप एवं विजय का माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने व्याख्याताओं की नियुक्ति के लिए किए गए प्रयासों को लेकर महेन्द्र शर्मा का भी अभिनंदन किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामपाल अहरोदिया भी मौजूद रहे। इस मौके पर महेन्द्र शर्मा ने कहा कि कॉलेज में लंबे समय से व्याख्याताओं के कई पद रिक्त होने के कारण छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। इन पदों को भरने की मांग को लेकर एसएफआई के बैनर तले लगातार आंदोलन किए गए, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय को एक साथ आठ व्याख्याताओं की नियुक्ति मिलना छात्र-छात्राओं के संघर्ष की बड़ी जीत है और इससे शिक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि पूरे प्रदेश में एक साथ इतनी संख्या में व्याख्याताओं की नियुक्ति राजकीय एनएम पीजी कॉलेज, हनुमानगढ़ में ही हुई है। उन्होंने कहा कि नए व्याख्याताओं के आने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई अब नियमित और सुचारू रूप से संचालित हो सकेगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्र-छात्राओं की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी एसएफआई का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। इस दौरान महेन्द्र शर्मा ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन का भी समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि सरकारें छात्र-छात्राओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों की अनदेखी कर रही हैं और एसएफआई इस संघर्ष में भी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि आंदोलन को और मजबूती देने के लिए एसएफआई का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार शाम दिल्ली रवाना होगा, जो जंतर-मंतर पहुंचकर सोनम वांगचुक के आंदोलन में हिस्सा लेगा। इस मौके पर एसएफआई के तहसील महासचिव मोहित कुमार, मीनाक्षी सहारण, दिव्या, सोनू भाटीवाल, पूजा, सपना, हिना, मीनाक्षी, निशा, रेणु सहित कई छात्र-छात्राएं एवं एसएफआई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
