हनुमानगढ़। मक्कासर निवासी देवराज पुत्र बिदमान ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक के नाम प्रार्थना पत्र सौंपकर भूखंड विवाद को लेकर पड़ोसियों पर जानलेवा हमला, पथराव, तोड़फोड़ और जबरन कब्जे का प्रयास करने का आरोप लगाया है। प्रार्थी ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई, घायलों का मेडिकल मुआयना कराने तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, प्रार्थी के पिता प्रेम सिंह के नाम वर्ष 2009 में जारी पट्टाशुदा भूखंड पर परिवार का कब्जा है। इस भूखंड को लेकर विवाद के संबंध में ग्राम न्यायालय हनुमानगढ़ ने 25 अप्रैल 2026 को यथास्थिति बनाए रखने का स्थगन आदेश पारित किया था। इसके बावजूद आरोपियों ने आदेश की अवहेलना करते हुए 14 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे पहले प्रार्थी के भतीजे संदीप और लवली के साथ मारपीट की तथा बाद में 25-30 लोगों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर घर और भूखंड पर पहुंचकर पथराव, तोड़फोड़ और जबरन कब्जे का प्रयास किया। प्रार्थी का आरोप है कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को हटाया, लेकिन कुछ देर बाद आरोपी दोबारा आ गए और फिर से पथराव व तोड़फोड़ की। घटना में परिवार की महिलाओं और बच्चों के चोटें आने का भी आरोप लगाया गया है। प्रार्थी ने बताया कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है और उसकी फुटेज सुरक्षित है। देवराज ने एसपी से जंक्शन पुलिस थाना को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, घायलों का मेडिकल करवाने, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश देने की मांग की।
