हनुमानगढ़। सुरेशिया निवासी दिव्यांग जेलासिंह पुत्र जागू सिंह ने शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर कुछ जनों पर घर में घुसकर मारपीट करने, परिवार के सदस्यों को घायल करने और धमकाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। दिव्यांग जेलासिंह की फरियाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई ने प्रथम मंजिल स्थित अपने चैम्बर से नीचे आकर सुनी। जेलासिंह के अनुसार, 16 जुलाई की सुबह करीब आठ बजे नवाब, दीपू भाट और उनके साथ पांच अन्य व्यक्ति उसके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने आते ही गाली-गलौच शुरू कर दी और उसके पुत्र महला सिंह से कहा कि उसने पहले दीपू भाट के साथ अभद्रता की थी। इसके बाद नवाब ने डंडे से महला सिंह के कंधे पर वार कर दिया, जबकि दीपू भाट और अन्य लोगों ने उसके साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। जेलासिंह ने बताया कि शोर सुनकर उसकी पत्नी मिंदो बाई बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे उसके पेट और कमर में चोटें आईं। इसके बाद भाई बच्चन सिंह भी छुड़ाने आया तो उसके साथ भी डंडों और थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की गई। प्रार्थी का आरोप है कि जब उसने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई और धमकी दी गई कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि नवाब आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। प्रार्थी का यह भी कहना है कि क्षेत्र में उसके प्रभाव के कारण लोग उसके खिलाफ गवाही देने से डरते हैं। मारपीट में गंभीर चोटें आने के कारण मिंदो बाई को राजकीय चिकित्सालय हनुमानगढ़ टाउन में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रार्थी ने एडिशनल एसपी से नवाब, दीपू भाट तथा अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने, दोषियों को गिरफ्तार करने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
