– नव नियुक्त एसपी बी आदित्य की पहली क्राइम मीटिंग, कार्यालय की सभी शाखाओं का किया निरीक्षण
हनुमानगढ़। जिले के नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक आईपीएस बी आदित्य ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद शनिवार को पहली बार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से अपनी जिम्मेदारियों की शुरुआत की। कार्यालय पहुंचने पर उन्हें पुलिस जवानों ने ‘गार्ड ऑफ ऑनरÓ दिया। इसके बाद नए पुलिस कप्तान ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया और जिले के सभी पुलिस अधिकारियों की पहली अपराध समीक्षा बैठक (क्राइम मीटिंग) ली। कार्यालय परिसर में आगमन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अरविंद बिश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नोहर) गीता चौधरी, सीओ सिटी मीनाक्षी तथा जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वा सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नए पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया।

स्वागत के बाद एसपी बी आदित्य ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्राइम ब्रांच, परिवाद शाखा, डीएसबी ब्रांच, फोर्स ब्रांच, सीसीटीएनएस शाखा, साइबर सेल तथा अभय कमांड सेंटर का दौरा कर वहां की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रत्येक शाखा में कार्यरत कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और उनसे दैनिक कार्य, जिम्मेदारियों, कार्य निष्पादन के दौरान आने वाली समस्याओं तथा आवश्यक संसाधनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े मामलों का पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद एसपी कार्यालय के सभागार में बी आदित्य की अध्यक्षता में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग आयोजित हुई।

बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, लंबित मामलों की समीक्षा, वांछित अपराधियों एवं गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान तथा आगामी पुलिसिंग की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, फरार अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण तथा आमजन की शिकायतों के प्रति गंभीर और जवाबदेह रवैया अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और जनता को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
