हनुमानगढ़। बहुजन समाज पार्टी ने आगामी निकाय एवं पंचायत चुनावों के साथ-साथ 23 अगस्त को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले कार्यकर्ता महासम्मेलन की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी पदाधिकारियों ने जिले के विभिन्न गांवों और वार्डांे में जनसंपर्क अभियान चलाकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। बसपा के लोकसभा जोन प्रभारी सीताराम सीला, जिलाध्यक्ष महावीर सहजीपुरा, पीलीबंगा प्रभारी कालूराम पटीर तथा एडवोकेट प्रेमनाथ सपेरा ने मंगलवार को गांव दोलतांवाली, 5 एसटीबी, जाखड़ांवाली, मोधूनगर एवं रावतसर के विभिन्न वार्डांे का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन विस्तार पर चर्चा की। पदाधिकारियों ने आगामी चुनावों को देखते हुए प्रत्येक क्षेत्र में सेक्टर एवं बूथ कमेटियों के गठन पर विशेष जोर दिया। साथ ही स्थानीय स्तर पर मजबूत संगठन तैयार कर निकाय एवं पंचायत चुनावों में सशक्त और जीतने वाले प्रत्याशी उतारने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया। बसपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से 23 अगस्त को आयोजित कार्यकर्ता महासम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही पार्टी आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
