हनुमानगढ़। श्रीगंगानगर जिले के केसरीसिंहपुर निवासी रीता देवी ने मंगलवार को जिला कलक्टर को प्रार्थना पत्र सौंपकर आधार कार्ड में जन्मतिथि संशोधन के मामले में आकाश नामक युवक के खिलाफ उसके दामाद की ओर से की गई शिकायत को झूठा बताते हुए कार्रवाई निरस्त करने की मांग की है। रीता देवी पत्नी सुभाष चंद निवासी वार्ड संख्या 5, केसरीसिंहपुर तहसील करणपुर जिला श्रीगंगानगर ने बताया कि उन्हें अपने आधार कार्ड में जन्मतिथि में संशोधन करवाना था, लेकिन निर्धारित सीमा समाप्त होने के कारण यह कार्य सामान्य प्रक्रिया से संभव नहीं था। इस दौरान उनके दामाद विक्रम कुमार उर्फ बंटी ने हनुमानगढ़ निवासी आकाश से संपर्क किया। आकाश ने बताया कि आधार में पूर्व में संशोधन हो चुका है, इसलिए अब दिल्ली जाकर ही यह परिवर्तन कराया जा सकता है। महिला ने बताया कि दिल्ली के बारे में जानकारी नहीं होने के कारण उन्होंने आकाश से साथ चलकर कार्य करवाने का आग्रह किया और उसका खर्चा व मेहनताना देने की बात कही। इसके बाद आकाश कई बार दिल्ली गया और उनके आधार कार्ड में जन्मतिथि का संशोधन करवा दिया। इसके बदले उन्होंने अपनी इच्छा से आकाश को 14500 रुपए मेहनताने के रूप में दिए। आकाश ने उनसे किसी प्रकार का दबाव बनाकर या अवैध रूप से कोई राशि नहीं ली। महिला ने आरोप लगाया कि उनके दामाद ने जिला प्रशासन के समक्ष आकाश के खिलाफ झूठा प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर अवैध शुल्क वसूलने के आरोप लगाए हैं, जबकि यह पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस विवाद के दौरान उनके दामाद ने आकाश के साथ मारपीट की तथा उसकी दुकान के बाहर खड़ी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने उनके दामाद के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई भी की थी। रीता देवी ने जिला कलक्टर से दामाद की ओर से आकाश के खिलाफ सौंपे गए प्रार्थना पत्र पर की जा रही कार्रवाई को निरस्त कर आकाश को प्रकरण से मुक्त किए जाने की मांग की।
