हनुमानगढ़। टाउन बस स्टैंड के प्रवेश मार्ग पर बड़े नाले के ऊपर लगाया गया काउ कैचर निराश्रित गोवंश के लिए लगातार खतरा बनता जा रहा है। सरियों के बीच अधिक दूरी होने के कारण आए दिन पशुओं के पैर उसमें फंस रहे हैं। बुधवार को भी एक गाय का पैर काउ कैचर में फंस गया, जिसके बाद स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने काफी मशक्कत कर उसे बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाय का पैर बुरी तरह फंस जाने के कारण उसे काफी दर्द हो रहा था। सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा ग्राइंडर से सरिया काटकर गाय का पैर सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि इस दौरान गाय के पैर में चोटें भी आईं। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि काउ कैचर पर लगी लोहे की सरियों के बीच दूरी अधिक होने के कारण यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। जब भी कोई निराश्रित गोवंश वहां से गुजरता है, उसका पैर सरियों के बीच फंस जाता है। उनका कहना है कि पिछले तीन-चार वर्षांे से यह स्थिति बनी हुई है और अब तक कई गोवंश घायल हो चुके हैं, जबकि कुछ के पैर तक टूट चुके हैं। लेकिन नगर परिषद प्रशासन की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की कि काउ कैचर पर अतिरिक्त सरिए लगाकर खाली जगह को भरा जाए या फिर उस पर मजबूत लोहे की जाली लगाई जाए, ताकि भविष्य में गोवंश इस तरह के हादसों का शिकार न हों और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
