हनुमानगढ़। महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में विभिन्न विभागों की संयुक्त बैठक आयोजित की। पुलिस महानिरीक्षक जयपुर के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में महिला सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा की गई। बैठक में इन्वेस्टिगेशन यूनिट फॉर क्राइम अगेंस्ट वूमेन यूनिट की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज कंवर, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल, नोहर सेक्टर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा, महिला थाना प्रभारी चन्द्रकला, जिला परिवहन अधिकारी नरेश पूनिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में सभी विभाग पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी कार्यालय या कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ किसी प्रकार का भेदभाव या अनुचित व्यवहार न हो। बैठक के दौरान यह संदेश भी दिया गया कि जिले में महिलाओं से जुड़े किसी भी मामले को गंभीरता से लिया जाएगा और शिकायत मिलने पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों ने महिला सुरक्षा के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने और समयबद्ध कार्रवाई पर भी जोर दिया।
