हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित बाइपास पर लिटिल फ्लावर कॉन्वेंट स्कूल के सामने लगा हाई वोल्टेज विद्युत पोल बरसात के बाद टेढ़ा हो गया है। पोल के साथ लगे इंसुलेटर भी झुक गए हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। उक्त मार्ग व्यस्ततम मार्गांे में शामिल है। यहां से प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली छात्र-छात्राएं, स्थानीय लोग और भारी वाहन गुजरते हैं। ऐसे में यदि पोल गिरता है या हाई वोल्टेज लाइन टूटती है तो बड़ा हादसा हो सकता है। विद्युत पोल एक ओर झुक गया है। आसपास भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, जिससे खतरा और बढ़ गया है। बरसात के कारण पोल की स्थिति और कमजोर हो गई है तथा इसे तत्काल बदलने या सीधा करने की आवश्यकता है। उन्होंने जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों से मांग की है कि संभावित दुर्घटना से पहले पोल का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत या प्रतिस्थापन कराया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
