
हनुमानगढ़। कड़ाके की सर्दी के बीच नई प्रयास हेल्पिंग फाउंडेशन के सदस्यों ने फुटपाथ पर जीवन-यापन कर रहे जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया। संस्था की टीम ने सोमवार रात्रि को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर सर्दी से बचाव के लिए जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। इस सेवा कार्य से सर्द रातों में खुले आसमान के नीचे रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली और उनके चेहरों पर मुस्कान दिखाई दी। कंबल वितरण के दौरान संस्था के स्वयंसेवकों ने फुटपाथ, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर रहने वाले बेसहारा लोगों से संवाद भी किया और उनकी आवश्यकताओं को समझने का प्रयास किया। संस्था के बादल ने बताया कि नई प्रयास हेल्पिंग फाउंडेशन पिछले पांच वर्षांे से निरंतर समाजसेवा के कार्यांे में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। चाहे वह सर्दी में कंबल वितरण हो, बीमार मरीजों के इलाज में सहयोग हो या फिर शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में सहायता। फाउंडेशन हर जरूरतमंद के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि सर्दी के मौसम में फुटपाथ पर रहने वाले लोग सबसे अधिक प्रभावित होते हैं, ऐसे में उन्हें कंबल वितरण करना मानवीय कर्तव्य है। फाउंडेशन का कार्यक्षेत्र केवल मानव सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्था पशु-पक्षियों और बेसहारा जानवरों के उपचार एवं देखभाल के लिए भी कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा बच्चों को शिक्षा से जोड़ना, आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को पढ़ाई में सहयोग करना तथा बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए मार्गदर्शन देना भी संस्था के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। इस मौके पर मनदीप, कमलदीप, लखवीर, लवप्रीत, समनदीप सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
