हनुमानगढ़। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर जंक्शन थाना पुलिस ने पत्नी पर प्रेमी संग फरार होकर जेवर-नकदी ले जाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। परिवादी अल्लारखा पुत्र गुलाम नबी निवासी वार्ड संख्या 6, नवां की ओर से दायर इस्तगासे पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के अनुसार, परिवादी अल्लारखा ने बताया कि वर्ष 2013 में उसका निकाह आशिया पुत्री सादक अली निवासी चक 8 एलएलडब्ल्यू से मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। दंपती के दो बच्चे हैं। परिवादी का आरोप है कि वह लकड़ी मिस्त्री का कार्य करता है और काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता था। इसी दौरान उसकी पत्नी का पड़ोस में दूध सप्लाई करने वाले अजय नामक व्यक्ति से प्रेम संबंध हो गया। 6 अक्टूबर 2024 को आशिया बिना बताए घर से चली गई और साथ में करीब 6 तोला सोने के जेवर, 10 तोला चांदी के जेवर तथा 70 हजार रुपए नकद भी ले गई। इसके बाद परिवादी और उसके पिता ने सादक अली पुत्र सफी मोहम्मद निवासी चक 8 एलएलडब्ल्यू के साथ पंचायत की। पंचायत में सादक अली ने सामान लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में भी जेवर और नकदी वापस नहीं लौटाई गई। बाद में आशिया ने अजय के खिलाफ महिला थाना में एफआईआर दर्ज कराई, लेकिन बाद में समझौता कर मामला वापस ले लिया। जब उसने अपने जेवर और नकदी की मांग की तो आरोपियों ने लौटाने से इनकार कर दिया और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। न्यायालय से प्राप्त इस्तगासे के अवलोकन के बाद पुलिस ने आशिया एवं सादक अली के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल मेजर सिंह को सौंपी है।
