हनुमानगढ़। जिला मुख्यालय पर टाउन स्थित ओवरब्रिज के निकट रविवार देर रात नगर परिषद के एक एईएन की कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के समय कार में एक महिला सहित तीन लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि तीनों को चोटें लगने पर सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जानकारी के अनुसार राजस्थान सरकार लिखी कार नंबर आरजे 31 सीसी 7852 नगर परिषद के एईएन राकेश कुमार उपयोग में ले रहे थे। बताया जा रहा है कि वाहन एक ठेकेदार से अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) पर लिया गया था। हादसा उस समय हुआ जब कार ओवरब्रिज से उतर रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सामने से आ रहे ट्रक की तेज रोशनी के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू करवाई। घायलों को राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उन्होंने प्राथमिक चिकित्सकीय जांच करवाई। बताया जा रहा है कि प्राथमिक उपचार के बाद वे अस्पताल से चले गए। घटना के बाद सरकारी महकमे में भी इस हादसे को लेकर चर्चा रही। वहीं, प्रशासन को सूचना मिलने के बाद पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। चालक ने हादसे के पीछे किसी प्रकार के नशे की बात से इनकार करते हुए ट्रक की तेज रोशनी के कारण वाहन अनियंत्रित होने की बात कही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
