– कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। महिला थाना में दर्ज एक मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। इससे पहले संगठन ने पुलिस प्रशासन को तीन दिन का समय देते हुए कार्रवाई नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। जिलाध्यक्ष रेवन्तराम पंवार के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि महिला थाना में मुकदमा संख्या 0103/10.06.2026 के तहत शहनाज, असलम, पोपी, नाजिया, शरीफ सहित अन्य लोगों के खिलाफ नाबालिग बालिका के साथ कथित छेड़छाड़, मारपीट तथा नाबालिग बालक के साथ मारपीट का मामला दर्ज है। आरोप है कि मामला दर्ज होने के काफी समय बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और वे खुलेआम घूम रहे हैं। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी लगातार पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं तथा वर्तमान जांच अधिकारी द्वारा उनकी शिकायतों पर उचित सुनवाई नहीं की जा रही। संगठन ने कहा कि 14 जुलाई को भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जांच किसी निष्पक्ष उच्च अधिकारी को सौंपने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक जांच अधिकारी नहीं बदला गया। आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने एसपी से मामले की जांच बदलकर किसी निष्पक्ष अधिकारी से कराने तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आगामी दिनों में आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होगा।
