हनुमानगढ़। विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल, जिला हनुमानगढ़ के तत्वावधान में संसद परिसर में साधु वेश धारण कर किए गए कथित नाटकीय प्रदर्शन के विरोध में गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित भगत सिंह चौक पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन एवं सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साधु-संतों एवं सनातन धर्म के सम्मान की कामना करते हुए सांसद राहुल गांधी और सांसद पप्पू यादव के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया। इस दौरान जिला सहसंयोजक एडवोकेट सुनील चाहर ने कहा कि भारत की संत परंपरा और धार्मिक आस्थाएं करोड़ों लोगों की श्रद्धा का विषय हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन किसी भी धर्म, उसके पूजनीय प्रतीकों अथवा संत समाज का उपहास करना उचित नहीं है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं सार्वजनिक जीवन से जुड़े सभी लोगों से धार्मिक विषयों पर संवेदनशीलता और मर्यादा बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम में बजरंग दल प्रांत गौ रक्षा प्रमुख कुलदीप नरूका, जिला सहसंयोजक एडवोकेट सुनील चाहर, विश्व हिन्दू परिषद के जिला उपाध्यक्ष मोहन चगोई सहित विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
