हनुमानगढ़। राजस्थान अहीर (यादव) सभा की जिला कार्यकारिणी की बैठक जिलाध्यक्ष सहीराम यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संस्था के संचालन और भवन के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इसमें पूर्व कार्यकारिणी से चार्ज लेने, आय के नए स्रोत विकसित करने, संस्था भवन की देखरेख के लिए स्थायी कर्मचारी नियुक्त करने तथा भवन के पुनरुद्धार सहित कई प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। पूर्व कार्यकारिणी से चार्ज लेने की प्रक्रिया के लिए 12 सदस्यीय समिति का गठन किया गया। समिति में सहीराम यादव, लालचंद यादव, काशीराम यादव, ध्यान सिंह यादव, सुमेर सिंह यादव, विनोद यादव, वीरेंद्रपाल यादव, लेखराम यादव, कृष्ण यादव, रामसिमरण, ओमप्रकाश यादव और पवन यादव को शामिल किया गया। बैठक में संस्था की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए नियमित आय के नए स्रोत विकसित करने पर सदस्यों ने सुझाव दिए। सदस्यों ने कहा कि संस्था की नियमित आय सुनिश्चित होने के बाद प्राथमिकता के आधार पर भवन परिसर में पानी की व्यवस्था के लिए सबमर्सिबल पंप लगाने और पार्क विकसित करने का काम किया जाना चाहिए। इसके अलावा बाहर से आने वाले लोगों के ठहरने के लिए उचित व्यवस्था करने तथा भवन में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं विकसित करने के प्रस्ताव भी रखे गए। संस्था भवन की नियमित देखरेख के लिए एक स्थायी कर्मचारी नियुक्त करने पर भी चर्चा हुई। प्रस्ताव के अनुसार कर्मचारी भवन परिसर में रहकर उसकी साफ-सफाई, सुरक्षा और नियमित देखरेख सुनिश्चित करेगा। बैठक में सदस्यों ने संस्था भवन के पुनरुद्धार की आवश्यकता पर भी जोर दिया। बैठक में रखे गए सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक समाप्त होने के बाद नवगठित समिति के सदस्य पूर्व अध्यक्ष बलविंद्र सिंह से चार्ज लेने के संबंध में मुलाकात करने पहुंचे, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो सकी।
