– जिला प्रभारी डॉ. विवेक माचरा का हनुमानगढ़ पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने किया अभिनंदन
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के जिला प्रभारी डॉ. विवेक माचरा के हनुमानगढ़ पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष विजय बेनीवाल के नेतृत्व में उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पार्टी की रीति-नीति को आमजन तक पहुंचाने, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा जिले से जुड़े जनमुद्दों को प्रमुखता से उठाकर उनके समाधान के लिए संघर्ष करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। डॉ. विवेक माचरा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की मजबूती उसके सक्रिय कार्यकर्ताओं और आमजन के साथ निरंतर संवाद पर निर्भर करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांवों और शहरों में लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने तथा स्थानीय मुद्दों को संगठन के स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने का आह्वान किया। बैठक में किसानों, युवाओं, मजदूरों एवं आमजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से इन मुद्दों को लेकर प्रभावी तरीके से आवाज उठाने और समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने पर जोर दिया गया। जिलाध्यक्ष विजय बेनीवाल ने कहा कि जिले में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि आरएलपी जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी आमजन की समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। बैठक में जिले में पार्टी के प्रसार, आगामी संगठनात्मक गतिविधियों तथा स्थानीय जनमुद्दों को लेकर रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा एवं रीति-नीति को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। इस दौरान पोखर मेव, प्रभु पचार, वीरेंद्र मेघवाल, जयसिंह बेनीवाल, संजय सिंह, राजेश बैरड, नारायण स्वामी, विनोद माली आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
