– पूर्व मंत्री चौधरी विनोद कुमार को सौंपा आवेदन, बोलीं-टिकट मिला तो गंदे पानी, पट्टे, सड़क और नालियों के मुद्दे पर लड़ूंगी चुनाव
हनुमानगढ़। नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को वार्ड नंबर 35 से पूजा मेघवाल ने कांग्रेस की ओर से पार्षद पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की। उन्होंने जंक्शन स्थित पूर्व मंत्री चौधरी विनोद कुमार के निवास पर पहुंचकर उन्हें अपना आवेदन पत्र सौंपा। इस दौरान उनके कई समर्थक भी मौजूद रहे। मीडिया से बातचीत में पूजा मेघवाल ने कहा कि वह वार्ड नंबर 35 से कांग्रेस के टिकट की दावेदारी कर रही हैं। यदि पार्टी उन पर विश्वास जताते हुए हाथ के निशान पर चुनाव लड़ने का अवसर देती है तो वह पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि पार्षद बनने के बाद वार्डवासियों की समस्याओं का समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
गंदे पानी की समस्या को बताया सबसे बड़ा मुद्दा
पूजा मेघवाल ने कहा कि वार्ड नंबर 35 में लोग लंबे समय से कई समस्याओं से परेशान हैं। इनमें गंदे पानी की समस्या गंभीर बनी हुई है। उनका दावा है कि वार्ड में इतना दूषित पानी सप्लाई हो रहा है कि उसे पीने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा।
30 साल से रह रहे लोगों को पट्टों का इंतजार
उन्होंने वार्ड में वर्षों से रह रहे परिवारों को पट्टे जारी नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। पूजा मेघवाल के अनुसार, करीब 30 वर्षों से वार्ड में रह रहे लोगों के मकानों के पट्टे अभी तक जारी नहीं हुए हैं। पट्टे बनवाने के लिए नगर परिषद अधिकारियों से संपर्क करने पर मकान खाली करने की बात कही जाती है। उन्होंने कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी उन्हें टिकट देती है तो वह सड़क निर्माण, नाली निर्माण, बिजली और पेयजल जैसे बुनियादी मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेंगी। उनका प्रयास रहेगा कि वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनका समाधान करवाया जाए।
