हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के फॉरेंसिक साइंस एवं साइबर फॉरेंसिक विभाग के प्रथम बैच के छात्र नवजोत सिंह का जोधपुर स्थित क्षेत्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (आरएफएसएल) में फॉरेंसिक विशेषज्ञ के पद पर चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। नवजोत सिंह की सफलता पर विश्वविद्यालय परिवार, फॉरेंसिक साइंस एवं साइबर फॉरेंसिक विभाग के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय में अध्ययन के दौरान नवजोत सिंह ने फॉरेंसिक विज्ञान के सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण और तकनीकी दक्षता हासिल की। श्री गुरु गोबिंद सिंह चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने नवजोत सिंह को बधाई देते हुए कहा कि प्रथम बैच के विद्यार्थी का प्रतिष्ठित फॉरेंसिक संस्थान में विशेषज्ञ के पद पर चयन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के विश्वविद्यालय के प्रयासों को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवजोत सिंह की सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य के प्रति मेहनत और समर्पण के लिए प्रेरित करेगी। विश्वविद्यालय के एमडी दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, व्यावहारिक शिक्षा और सर्वांगीण विकास के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर संस्थान का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं। फॉरेंसिक साइंस एवं साइबर फॉरेंसिक विभागाध्यक्ष शालिनी चौहान ने कहा कि नवजोत सिंह की सफलता विभाग के लिए गर्व का विषय है। उनकी उपलब्धि वर्तमान और भविष्य के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा उन्हें फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में बेहतर करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी। जोधपुर स्थित क्षेत्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला राजस्थान की फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां विभिन्न वैज्ञानिक शाखाओं के माध्यम से आपराधिक मामलों से जुड़े साक्ष्यों का वैज्ञानिक एवं तकनीकी परीक्षण किया जाता है। ऐसे संस्थान में विश्वविद्यालय के प्रथम बैच के छात्र का फॉरेंसिक विशेषज्ञ पद पर चयन विभाग के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
