- निर्वाचन में अधिकतम जनभागीदारी और मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर रहेगा विशेष जोर
हनुमानगढ़। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के दौरान अधिक से अधिक मतदाता सहभागिता सुनिश्चित करने तथा मतदान प्रतिशत में वृद्धि के उद्देश्य से जिले में व्यापक स्तर पर व्यवस्थित मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) संचालित किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) डॉ. खुशाल यादव द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 27 अगस्त से शुरू हुई स्वीप गतिविधियां 7 सितंबर, 2026 तक चलेगी। इस दौरान विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से अनेक जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा। इसी सिलसिले में सोमवार को सभी राजकीय एवं निजी महाविद्यालयों तथा सभी सार्वजनिक कार्यालयों में मतदाता जागरूकता शपथ दिलाई गई। साथ ही चिकित्सकों द्वारा 31 अगस्त से 8 सितंबर तक रोगियों की पर्चियों पर मतदान जागरूकता संबंधी संदेश अंकित किए जाएंगे।
शैक्षणिक संस्थानों में प्रतियोगिताओं और संवाद कार्यक्रमों का आयोजन
स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को ही राजकीय एन.एम.पी.जी. महाविद्यालय में युवा मतदाताओं के लिए स्वीप स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित हुई। 1 सितंबर को विद्यालयों द्वारा प्रभात फेरियां निकालकर मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा।

महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में महिला मतदाता जागरूकता बैठकों का आयोजन भी किया जाएगा। जिले के ट्रांसजेंडर मतदाताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।
युवा, महिला और व्यापारिक संगठनों की होगी सहभागिता
2 सितंबर को शहर के प्रमुख बाजारों में मतदाता जागरूकता रैली निकाली जाएगी तथा महाविद्यालयों में युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम होंगे। 3 सितंबर को मुख्य चौराहों पर रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी तथा व्यापार मंडलों एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ आमुखीकरण कार्यशालाएं आयोजित कर मतदान के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
शिक्षक दिवस, अधिवक्ता शपथ और पैदल मार्च भी होंगे अभियान का हिस्सा
5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालयों में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के बीच मतदाता जागरूकता विषयक व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन जिले के सभी बार एसोसिएशनों में अधिवक्ताओं द्वारा मतदाता जागरूकता शपथ दिलाई जाएगी।

7 सितंबर को विद्यालयों द्वारा पैदल मार्च आयोजित कर आमजन को मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही श्रमिक संगठनों की बैठकों, महिला मतदाताओं के लिए मेहंदी कार्यक्रम तथा अन्य जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।
सभी विभागों को जिम्मेदारी, सोशल मीडिया पर भी होगा व्यापक प्रचार
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों, संस्था प्रधानों एवं नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित तिथियों पर सभी स्वीप गतिविधियों का सफल एवं पूर्णतः गैर-राजनीतिक स्वरूप में आयोजन सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक कार्यक्रम की प्रेस विज्ञप्ति जारी करने, गुणवत्ता युक्त फोटोग्राफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं निर्धारित व्हाट्सएप समूह पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अभियान में राजस्थान राज्य भारत स्काउट-गाइड, एनसीसी, एनएसएस तथा मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
