– पूर्व पार्षद रामसिंह सिद्धू बोले- विकास और ईमानदार छवि वाले प्रत्याशी को चुनें मतदाता, नशे व अवैध कारोबार के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान
हनुमानगढ़। नगरीय निकाय चुनाव में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में जंक्शन के वार्ड नंबर 49 से कांग्रेस प्रत्याशी अमनदीप कौर ने मंगलवार को वार्ड में डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया। उन्होंने मतदाताओं से मुलाकात कर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। पूर्व पार्षद रामसिंह सिद्धू ने बताया कि वह वार्ड नंबर 49 से अपनी पुत्रवधू अमनदीप कौर को कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतार रहे हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि चुनाव मैदान में मौजूद सभी प्रत्याशियों के पिछले कार्यों का आकलन करने के बाद ही मतदान करें।

सिद्धू ने अपने पूर्व कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्षद रहते उन्होंने नगर परिषद के साथ-साथ क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों को लेकर काम किया। उन्होंने रेलगाड़ी की मांग, भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और सतीपुरा ओवरब्रिज के बीच दीवार निर्माण का मुद्दा उठाने सहित विभिन्न कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने गांधीनगर क्षेत्र में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि गांधीनगर अंडरपास के निर्माण के लिए उन्होंने काफी प्रयास किए। उनके अनुसार अंडरपास बनने के बाद क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर हुई और यहां की संपत्तियों के मूल्य में भी वृद्धि हुई।

उन्होंने कहा कि तेल डिपो हटाने और अंडरपास निर्माण के लिए उन्होंने संबंधित स्तर पर लगातार प्रयास किए। सिद्धू ने कहा कि श्मशान घाट के आसपास का क्षेत्र पहले रात के समय सुनसान रहता था, लेकिन अब वहां लोग रात में भी घूमने आते हैं। उन्होंने वार्ड की जनता को आश्वासन दिया कि यदि उनकी पुत्रवधू अमनदीप कौर को पार्षद चुना जाता है तो रेलवे लाइन के पास बने अंडरपास के समीप फुट ओवरब्रिज निर्माण के लिए प्रयास किए जाएंगे, जिससे लोगों का आवागमन सुगम हो सके।
नशे के मुद्दे पर विपक्ष पर लगाए आरोप
जनसंपर्क के दौरान सिद्धू ने गांधीनगर क्षेत्र में नशे, जुआ, सट्टा और अवैध शराब के कारोबार को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने इसके लिए पूर्व पार्षद गुरदीप सिंह को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके परिवार पर भी आरोप लगाए। सिद्धू ने कहा कि क्षेत्र में नशे के कारण कई युवाओं की जिंदगी बर्बाद हुई है और कुछ युवाओं की मौत तक हुई है। उन्होंने कहा कि नशे एवं अवैध कारोबार के खिलाफ समाज को एकजुट होकर आवाज उठाने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि चुनाव में मतदाताओं को ऐसे प्रत्याशी का चयन करना चाहिए जो उनके सुख-दुख में साथ खड़ा हो, क्षेत्र के विकास के लिए काम करे और ईमानदार छवि रखता हो।
