हनुमानगढ़। राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित छात्रावास में एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र ने फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक का साथी छात्र जब कमरे में गया तो अंदर से दरवाजा बंद मिला। निरंतर दस्तक देने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो जंक्शन थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने खिड़की का शीशा तोड़कर भीतर से दरवाजा खुलवाया तो अंदर छात्र फंदे पर झूल रहा था। पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां ने बताया कि सूचना पर जब बुधवार देर शाम पुलिस मौके पर पहुंची तो एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र संदीप गुर्जर (22) पुत्र रामपाल गुर्जर निवासी कोटपुतली का शव छात्रावास के कमरे में फंदे पर झूलता मिला। उसने अलमारी से रस्सी बांधकर फंदा बनाया था। छात्रावास के इस कक्ष में दो छात्र रहते हैं। घटना के समय उसका सहपाठी बाहर गया हुआ था।

वह जब वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। कई बार संदीप को कमरा खोलने के लिए आवाज दी। मगर कोई जवाब नहीं मिला। इस पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन को सूचना दी गई। कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पुलिस पहुंची। शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया तथा मृतक के परिजनों को सूचना दी। गुरुवार को पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया।

मृतक के परिजन एकबारगी शव लेकर दाह संस्कार के लिए कोटपुतली रवाना हो गए। वे वापस आकर मृतक का कमरा आदि देखेंगे। इसके बाद उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्यवाही की जाएगी। सीओ सिटी मिनाक्षी के अनुसार अभी स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता। मृतक अतर्मुखी स्वभाव का था। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

एफएसएल टीम ने किया मुआयना
जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां के नेतृत्व में गुरुवार सुबह एफएसएल टीम छात्रावास पहुंची तथा घटना स्थल का मुआयना किया। आवश्यक साक्ष्य लिए गए। इस दौरान पुलिस ने कुछ कागज भी कब्जे में लिए। हालांकि पुलिस ने सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि नहीं की है। एफएसएल टीम के जांच के दौरान कमरे के बाहर मेडिकल कॉलेज के छात्र एकत्र रहे। मृतक संदीप के साथी विद्यार्थियों ने बताया कि वह अतर्मुखी था। शांत और शर्मिले स्वभाव का था। जल्दी से वह किसी से घुलता-मिलता नहीं था।
