– युवा सम्मेलन में बोले भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष-कांग्रेस पूरी तरह धराशायी, जनता भ्रष्टाचार का देगी जवाब
हनुमानगढ़। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को हनुमानगढ़ पहुंचे भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष शंकर गौरा ने युवा सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में हिस्सा लिया। इसके अलावा उन्होंने जंक्शन के वार्ड नंबर एक से भाजपा प्रत्याशी बलविन्द्र कौर के चुनाव कार्यालय कर उद्घाटन भी किया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि पूरे राजस्थान सहित हनुमानगढ़ में भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल है और नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनना तय है। गौरा ने कहा कि एक ओर भाजपा के युवा सम्मेलन आयोजित हो रहे हैं और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पूरी तरह धराशायी हो चुकी है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी बीकानेर के अध्यक्ष के साथ उन्हीं की पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठता का भी ध्यान नहीं रखा और एक वरिष्ठ नेता पर हाथ उठाकर अराजकता फैलाने का काम किया। भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि जिस पार्टी के कार्यकर्ता सत्ता में नहीं होने के बावजूद अपने ही नेताओं के साथ मारपीट कर रहे हैं, यदि उनके हाथों में नगरीय निकायों का बोर्ड सौंप दिया गया तो वे राजस्थान में किस प्रकार का माहौल बनाएंगे, इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अंदरूनी कलह और अराजकता से जनता पूरी तरह परिचित हो चुकी है। गौरा ने बताया कि वे पूरे राजस्थान का दौरा कर चुके हैं और हर जगह भाजपा के प्रति सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा, ‘मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ कह सकता हूं कि हनुमानगढ़ में भी भाजपा के पक्ष में माहौल है और यहां भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड बनना सुनिश्चित है। इस दौरान भाजपा नेता अमित सहू, सुशील जोशी, साहिल बलाड़िया, कृष्ण तायल, अपारजोत बराड़ सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
युवाओं को भाजपा ने दिए सबसे अधिक टिकट
शंकर गौरा ने कहा कि इस बार भाजपा ने बड़ी संख्या में युवाओं को टिकट देकर उन्हें नेतृत्व का अवसर दिया है। उन्होंने दावा किया कि पूरे राजस्थान में भाजपा ने जितने प्रतिशत युवाओं को टिकट दिए हैं, उसके आधे टिकट भी अन्य दलों ने युवाओं को नहीं दिए।

उनके अनुसार दूसरे दलों में करीब 20 प्रतिशत टिकट ही युवाओं को मिले हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ चुनाव मैदान में उतरकर भाजपा के पक्ष में माहौल बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग भाजपा की नीतियों और विकास कार्यांे से प्रभावित है तथा निकाय चुनाव में पार्टी को मजबूत समर्थन मिलेगा।
‘हनुमानगढ़ में त्रिकोणीय मुकाबला नहीं’
हनुमानगढ़ नगर परिषद में त्रिकोणीय मुकाबले के सवाल पर गौरा ने कहा कि ऐसी कोई स्थिति नहीं है। उन्होंने दावा किया कि यहां भाजपा का बोर्ड बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले समय में नगर परिषद में हुए भ्रष्टाचार और खराब हुए माहौल को लेकर आम जनता में नाराजगी है।

गौरा ने कहा कि जनता समझदार है और वह अपने मत का उपयोग सोच-समझकर करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि हनुमानगढ़ के मतदाता भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का जवाब भाजपा के समर्थन में मतदान कर देंगे तथा नगर परिषद में भाजपा को स्पष्ट बहुमत प्रदान करेंगे।
