– कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, प्रत्याशी ने सफाई और स्वच्छ पेयजल को बताया पहली प्राथमिकता
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 59 में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रत्याशी जयदेव जोइया के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन गुरुवार को विधिवत रूप से हुआ। उद्घाटन कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर, गुरमीत सिंह चन्दड़ा, कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक सहित पार्टी के कई नेता, कार्यकर्ता और वार्डवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि पूर्ववर्ती नगर परिषद बोर्ड में कांग्रेस का सभापति था और जनता ने कांग्रेस के पार्षदों को जीताकर नगर परिषद में भेजा था।

उस समय विधायक भी कांग्रेस पार्टी से थे और राजस्थान में भी कांग्रेस की सरकार थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान हनुमानगढ़ में विकास कार्यों को गति मिली और शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण काम हुए। मक्कासर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पौने तीन साल के शासन में हनुमानगढ़ में विकास के नाम पर एक ईंट तक नहीं लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के विकास के दावे धरातल पर खोखले साबित हो रहे हैं। उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि वे नगर परिषद में कांग्रेस का मजबूत प्रतिनिधि भेजकर विकास की राह को फिर से गति दें।

‘जनता बदलाव चाहती है’-जयदेव जोइया
कांग्रेस प्रत्याशी जयदेव जोइया ने कहा कि उन्होंने वार्डवासियों की समस्याओं को करीब से सुनने के बाद चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि वार्ड में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और लंबे समय से स्वच्छ पेयजल की समस्या बनी हुई है। खराब पानी की आपूर्ति के कारण लोगों में बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। जोइया ने कहा कि वार्ड की जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस का पार्षद चुनकर नगर परिषद में भेजना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का पार्षद बनने से पार्टी के विधायक और मुख्यमंत्री तक वार्ड की समस्याओं की आवाज मजबूती से पहुंचेगी तथा क्षेत्र में विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
पूर्व पार्षद पर लगाया जनता से विश्वासघात का आरोप
कांग्रेस प्रत्याशी ने पूर्व पार्षद पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पूर्व पार्षद ने सात वर्षों तक वार्ड की सुध नहीं ली। कांग्रेस के टिकट पर जीतने के बाद निर्दलीय हो जाना जनता और पार्टी दोनों के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपनी पार्टी का नहीं रहा, वह जनता का कितना रहेगा-यह सवाल वार्डवासियों को स्वयं सोचना होगा।

सफाई और स्वच्छ पानी पहली प्राथमिकता
जयदेव जोइया ने कहा कि यदि वार्ड की जनता उन पर विश्वास जताकर नगर परिषद में भेजती है तो उनकी पहली प्राथमिकता वार्ड की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना और स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना होगी। उन्होंने कहा कि वे अकेले पार्षद नहीं होंगे, बल्कि वार्ड का प्रत्येक नागरिक स्वयं को पार्षद समझेगा। उन्होंने वार्डवासियों को भरोसा दिलाया कि वे समस्याओं के समाधान के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे और जनता के साथ मिलकर वार्ड के विकास की नई तस्वीर तैयार करेंगे।
कार्यकर्ताओं ने जीत का लिया संकल्प
कार्यालय उद्घाटन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वार्ड में घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाने, मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने और पार्टी प्रत्याशी जयदेव जोइया को विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने वार्डवासियों से विकास, स्वच्छता और जनसमस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
