– जिनेन्द्र जैन बोले-महंगाई से जनता त्रस्त, भाजपा और निर्दलीयों का होगा सफाया; बलराज सिंह ने कहा-जीते तो पट्टे, सड़क, नाली, लाइट व सीवरेज कार्यों को देंगे प्राथमिकता
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव में वार्ड नंबर 56 से कांग्रेस प्रत्याशी परमिन्द्र कौर धर्मपत्नी बलराज सिंह के समर्थन में सोमवार को चुनावी जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन, पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल, पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़, कृष्ण कुमार जैन, गुरमीत सिंह चन्दड़ा, कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। जनसभा को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन ने केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार पर महंगाई को लेकर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारें होने के बावजूद महंगाई लगातार बढ़ रही है। ऐसे में भाजपा प्रत्याशी और कार्यकर्ता किस मुंह से जनता के बीच वोट मांगने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चीनी, प्याज, दाल और सरसों तेल सहित रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ने से आमजन परेशान है। जब सरकार लोगों को रोटी की सुविधा भी सुगमता से उपलब्ध नहीं करवा पा रही है तो जनता उससे और क्या उम्मीद कर सकती है। उन्होंने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब एवं मध्यम वर्ग पर पड़ा है।
विकास कार्यों के श्रेय को लेकर निर्दलीय विधायक पर हमला
जिनेन्द्र जैन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व मंत्री चौधरी विनोद कुमार के कार्यकाल में हनुमानगढ़ शहर में कई विकास कार्य हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि अब निर्दलीय विधायक और उनके समर्थक जगह-जगह इन कार्यों का श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पूर्व में हुए विकास कार्य निर्दलीय विधायक के प्रयासों से हुए थे तो भाजपा सरकार को उनका समर्थन प्राप्त होने के बावजूद पिछले ढाई वर्षों में नए विकास कार्य क्यों नहीं हुए। उन्होंने दावा किया कि इस बार शहर की जनता कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने का मन बना चुकी है और चुनाव में भाजपा एवं निर्दलीयों को जनता करारा जवाब देगी।
‘पूर्ण बहुमत से कांग्रेस बनाएगी बोर्ड’
जिनेन्द्र जैन ने दावा किया कि नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा और निर्दलीयों का चुनाव में सफाया होगा तथा कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ नगर परिषद में अपना बोर्ड बनाएगी।
वार्ड 56 में पट्टे बनवाना पहली प्राथमिकता
कांग्रेस प्रत्याशी परमिन्द्र कौर के पति बलराज सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत सतीपुरा अब नगर परिषद में शामिल होने के बाद वार्ड नंबर 56 का हिस्सा बन गई है। उन्होंने कहा कि यदि वार्डवासियों ने विश्वास जताया तो वे पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ क्षेत्र के विकास के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि वार्ड में नाली, सड़क, स्ट्रीट लाइट, सीवरेज और पट्टों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करवाया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि वार्डवासियों के मकानों के पट्टे बनवाना उनकी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर रहेगा। बलराज सिंह ने वार्डवासियों से कांग्रेस प्रत्याशी परमिन्द्र कौर के पक्ष में अधिकाधिक मतदान करने तथा नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनाने में सहयोग करने की अपील की।
