– अमित सहू बोले-बरसाती पानी की निकासी वार्ड की सबसे बड़ी समस्या, भाजपा का बोर्ड बना तो प्राथमिकता से होगा समाधान
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ के 11 सितंबर को होने वाले चुनाव को लेकर प्रत्याशियों का जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है। भाजपा युवा नेता अमित सहू ने मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जंक्शन के वार्ड नंबर एक में भाजपा प्रत्याशी बलविन्द्र कौर के समर्थन में डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। जनसंपर्क के दौरान अमित सहू ने कहा कि हनुमानगढ़ में सुशासन स्थापित करने और भय व भ्रष्टाचार से मुक्ति के लिए लोगों का रुझान भाजपा प्रत्याशियों की ओर है। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य शहर के विकास के साथ-साथ आमजन की मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करना है।
बरसाती पानी की निकासी बना सबसे बड़ा मुद्दा
सहू ने वार्ड नंबर एक की प्रमुख समस्या बरसाती पानी की निकासी को बताते हुए कहा कि बारिश के दौरान वार्डवासियों के सामने गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती है। पानी की उचित निकासी और प्रबंधन नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि पिछली बारिश के दौरान पानी का बांध टूटने से पॉश कॉलोनी के करीब 50 से 60 मकानों की दीवारों में दरारें आ गई थीं और कई मकान क्षतिग्रस्त होने के कगार पर पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान सिविल लाइंस क्षेत्र की स्थिति भी गंभीर हो जाती है। ऐसे में स्थायी जल निकासी व्यवस्था की जरूरत है।
बोले-वार्डवासियों के मुद्दों का प्राथमिकता से होगा समाधान
भाजपा युवा नेता ने वार्ड के मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी बलविन्द्र कौर को अधिक से अधिक मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा का बोर्ड बनने पर वार्डवासियों की ओर से उठाए जाने वाले प्रत्येक प्रमुख मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाएगा और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। जनसंपर्क अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क किया और भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मतदान की अपील की।
