– घर-घर पहुंचकर मांगा समर्थन, सरपालर जोहड़ की समस्या दूर करने सहित सीसीटीवी, सड़क और स्ट्रीट लाइट के विकास कार्यों का दिलाया भरोसा
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 19 में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी संजू सर्राफ ने मंगलवार को अपने पति अजय सर्राफ के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के साथ वार्ड में डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया। उन्होंने मतदाताओं से 11 सितंबर को होने वाले नगर परिषद चुनाव में अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। जनसंपर्क के दौरान प्रत्याशी ने वार्ड के घर-घर पहुंचकर लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याएं जानीं। संजू सर्राफ ने कहा कि वार्डवासियों का सहयोग और विश्वास मिला तो वार्ड के चहुंमुखी विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि वार्ड की समस्याओं के समाधान और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ ही वे चुनाव मैदान में उतरी हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड की सबसे बड़ी समस्या सरपालर जोहड़ है। इसके चलते निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं और लोगों के मकानों के पट्टे भी नहीं बन पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही वार्डवासियों के सहयोग से मकानों के पट्टे बनवाने की दिशा में भी प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। भाजपा प्रत्याशी ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगवाने, टूटी सड़कों का निर्माण करवाने और पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें लगवाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। जनसंपर्क अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने प्रत्याशी के समर्थन में मतदाताओं से संपर्क किया और चुनाव में समर्थन की अपील की।

