– संतोष बंसल के समर्थन में चुनावी सभा में भाजपा-कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले-जनता विकास के साथ, बनाएगी निर्दलीय बोर्ड
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 17 में चुनावी माहौल गरमा गया है। मंगलवार रात दुर्गा कॉलोनी के पार्क में टीम गणेश राज बंसल की निर्दलीय प्रत्याशी संतोष बंसल के समर्थन में चुनावी सभा आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल ने कांग्रेस और भाजपा पर जमकर निशाना साधा और वार्डवासियों से टीम के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की। गणेश राज बंसल ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा के पास चुनाव में मैदान में उतारने के लिए प्रत्याशियों की कमी रही, जिसके चलते दोनों दलों ने इधर-उधर से प्रत्याशी खड़े किए हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि 2019 में नगर परिषद सभापति बनने के बाद हनुमानगढ़ में अभूतपूर्व विकास कार्य करवाए गए। उन्होंने कहा कि एक समय हनुमानगढ़ गांव जैसा नजर आता था, लेकिन अब शहर की तस्वीर बदलकर मिनी चंडीगढ़ जैसी दिखाई देने लगी है। बंसल ने कहा कि उनसे पहले भी कई सभापति रहे, लेकिन शहर के स्थायी विकास को लेकर दीर्घकालिक विजन के साथ काम नहीं किया गया और पुराने ढर्रे पर ही व्यवस्थाएं चलती रहीं। उनके सभापति बनने के बाद शहर में सार्वजनिक शौचालयों सहित विभिन्न विकास कार्य करवाए गए। उन्होंने कहा कि वे आमजन का सम्मान करते हैं और जनता के काम करवाने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। इसी वजह से लोगों का विश्वास उनके साथ बना हुआ है।
भाजपा पर भी साधा निशाना
निर्दलीय विधायक ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि डॉ. रामप्रताप तीन बार विधायक रह चुके हैं, लेकिन उनके साथ लंबे समय से जुड़े कई पुराने कार्यकर्ता अब उनके साथ नहीं हैं। उन्होंने डॉ. रामप्रताप के पुत्र अमित सहू के साथ भी अवसरवादी लोगों के होने का आरोप लगाया। बंसल ने कहा कि भाजपा की चुनावी सभाओं में भी अपेक्षित भीड़ दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने दावा किया कि हनुमानगढ़ में भाजपा का जनाधार कमजोर हो चुका है और पार्टी की राजनीति एक ही परिवार तक सीमित रह गई है। उन्होंने कहा कि जनता जागरूक और समझदार है तथा उसे पता है कि शहर के हित में क्या फैसला लेना है। जनता को विकास के नाम पर वोट करना है। उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि यदि शहर में विकास की गति जारी रखनी है तो टीम गणेश राज बंसल के प्रत्याशियों को समर्थन देकर निर्दलीय बोर्ड बनाने में सहयोग करें। सभा के दौरान प्रत्याशी संतोष बंसल के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने प्रचार किया और वार्डवासियों से आगामी नगर परिषद चुनाव में टीम के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
