– नुक्कड़ सभा में निर्दलीय प्रत्याशी ने गिनाईं विकास की प्राथमिकताएं, बोलीं-हर समस्या का होगा समाधान, वार्ड के हर चौराहे को रोशनी से करेंगे जगमग
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव में टाउन के वार्ड नंबर 32 से टीम गणेश राज बंसल की निर्दलीय प्रत्याशी डोली सिंघल चुनाव मैदान में हैं। उनके समर्थन में मंगलवार रात वार्ड में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। सभा में निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए मतदाताओं से डोली सिंघल के पक्ष में मतदान की अपील की। विधायक गणेश राज बंसल ने वार्डवासियों से अधिकाधिक संख्या में मतदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि बांसुरी चुनाव निशान के सामने वाला बटन दबाकर डोली सिंघल को विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि टीम के प्रत्याशियों को नगर परिषद में भेजने से वार्डों के विकास कार्यों को गति मिलेगी। निर्दलीय प्रत्याशी डोली सिंघल ने कहा कि कोई भी समस्या इतनी बड़ी नहीं होती कि उसका समाधान न किया जा सके। वार्ड की प्रत्येक समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि वार्ड में बिजली, सड़क, नाली, आवारा कुत्तों सहित विभिन्न समस्याओं को चिह्नित कर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। डोली सिंघल ने कहा कि निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल के नेतृत्व में पिछले कुछ समय के दौरान हनुमानगढ़ शहर में विकास कार्यों को गति मिली है। शहर के सौंदर्यीकरण के साथ विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य हुए हैं, जिसे शहर की जनता देख रही है। उन्होंने कहा कि इसी विकास की सोच को वार्ड 32 तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वार्ड के प्रमुख चौराहों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था से रोशन करवाने के साथ सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वार्ड की छोटी-बड़ी समस्याओं को लेकर जनता को परेशान नहीं होना पड़ेगा। डोली सिंघल ने वार्डवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने मत रूपी आशीर्वाद से उन्हें नगर परिषद में भेजें, ताकि वार्ड के विकास के लिए मजबूती से आवाज उठाई जा सके। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनता ने जो भरोसा जताया, उस पर खरा उतरने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी और वार्ड की प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए लगातार सक्रिय रहेंगी।
