– माकपा तहसील कमेटी की बैठक में फैसला, नेता बोले-भाजपा-कांग्रेस को जनता ने दिया जवाब
हनुमानगढ़। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की टिब्बी तहसील कमेटी की बैठक मंगलवार को आयोजित हुई। बैठक में टिब्बी नगरपालिका चुनाव परिणामों पर चर्चा करते हुए निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से बोर्ड बनाने की पैरवी की गई। माकपा नेता रामेश्वर वर्मा ने बताया कि टिब्बी नगरपालिका चुनाव में माकपा का एक प्रत्याशी विजयी हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से चेयरमैन बनाने के लिए प्रयास करेगी और इसके लिए पूरी पार्टी मिलकर काम करेगी। उन्होंने भाजपा को पराजित करने और कांग्रेस को बहुमत नहीं देने के लिए टिब्बी की जनता को बधाई दी। बैठक में वक्ताओं ने स्थानीय विधायक पर भी निशाना साधते हुए उन पर अहंकारपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि जनता ने चुनाव में इसका जवाब दिया है। माकपा नेताओं ने कहा कि टिब्बी नगरपालिका में निर्दलीय बोर्ड का गठन होना चाहिए और इसके लिए पार्टी स्तर पर आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
