हनुमानगढ़। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग योजनान्तर्गत संचालित योजनाओं में स्वीकृत कार्यांे के बकाया कार्य पूर्णता प्रमाण पत्रों का समायोजन करवाने एवं प्रगति रिपोर्ट के लिए पंचायत समिति कार्यालय में ग्राम पंचायतवार कैम्पों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में विकास अधिकारी की ओर से पंचायत समिति के अधीन आने वाली सभी ग्राम पंचायतों के ग्राम विकास अधिकारियों एवं कनिष्ठ सहायक को निर्देशित किया गया है। कैम्प के पश्चात बकाया कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र रहने की स्थिति में अनुशासनात्मक कार्यवाही अमल में लाने की चेतावनी दी गई है।

इस संबंध में गुरुवार को पंचायत समिति कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। विकास अधिकारी रामेश्वर लाल सुथार ने बताया कि कैम्पों में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, स्वामित्व योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, प्रशासनिक कार्य, खाद्य सुरक्षा योजना, वीबी-जीरामजी मनरेगा, निर्माण कार्यांे से संबंधित सभी योजनाओं यथा एमएलए लैड, एमपी लैड, डीएमएफटी, आंगनबाड़ी, ग्राम पंचायत भवन, रंग-रोगन, बजट घोषणा, 15वां/राज्य वित्त आयोग षष्टम (जिला परिषद व पंचायत समिति मद), स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, एमजेएसए, सम्पर्क पोर्टल/सीएम सैल/अन्य सभी प्रकार की शिकायत का मौके पर निस्तारण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 12 जनवरी को भूनावाली ढाणी, कोहला, नौरंगदेसर, झाम्बर, 22-23 एनडीआर, धोलीपाल, हिरणावाली, बनवाला, उत्तमसिंहवाला व पक्काभादवां, 14 जनवरी को मुण्डा, मैनावाली, रणजीतपुरा, जोड़कियां, चक ज्वालासिंहवाला, मानुका, एक एसटीबी, तीस एसएसडब्ल्यू, 31 एसएसडब्ल्यू व रामसरा नारायण, 15 जनवरी को लखूवाली, किशनपुरा दिखनादा, मटोरियांवाली ढाणी, चोहिलांवाली, सहजीपुरा, नवां, दो केएनजे, फतेहगढ़, 6-8 एलएलडब्ल्यू व भोमपुरा, 16 जनवरी को अराईयांवाली, मोहन मगरिया, अमरपुरा थेड़ी, गुरुसर, सतीपुरा, रोड़ांवाली, श्रीनगर, पक्कासारणा, बहलोलनगर, जण्डावाली व मक्कासर का कैम्प आयोजित किया जाएगा। ग्राम विकास अधिकारियों एवं कनिष्ठ सहायक को बकाया पेंडेंसी कैम्प के दिन पूर्ण करनी होगी।

अगर कोई कार्मिक इस कार्य में लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ 17 सीसीए नियमों के तहत कार्यवाही की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त विकास अधिकारी राजीव यादव, कनिष्ठ सहायक निर्माण शाखा नीपेन शर्मा व कनिष्ठ सहायक प्रधानमंत्री आवास योजना अजीत जोराद सहित शाखा प्रभारी व वरिष्ठ-कनिष्ठ सहायक मौजूद रहे।
