– सफाई व्यवस्था सुधारने, मेडिकल डिस्पेंसरी खुलवाने और खेल मैदान विकसित करने की बताई प्राथमिकता
हनुमानगढ़। कांग्रेस पार्टी के सिंबल पर वार्ड नंबर 21 से निर्वाचित पार्षद सिद्धार्थ ने बुधवार को एसडीएम के समक्ष पार्षद पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद एसडीएम की ओर से उन्हें पार्षद पद का प्रमाण पत्र सौंपा गया। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। शपथ के बाद मीडिया से बातचीत में पार्षद सिद्धार्थ ने कहा कि उन्हें वार्ड की जनता का अपार प्रेम और समर्थन मिला है। वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान वार्डवासियों ने उन्हें विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया था। इन समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा। सिद्धार्थ ने बताया कि वार्ड में सफाई व्यवस्था को सुचारू रखना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

इसके साथ ही क्षेत्र में मेडिकल डिस्पेंसरी खुलवाने के प्रयास किए जाएंगे, जिससे वार्ड के साथ आसपास के लोगों को भी चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि वार्ड के हाई स्कूल के खेल मैदान को विकसित कर सभी वार्डवासियों के लिए उपयोगी बनाने का प्रयास किया जाएगा। इससे युवाओं को खेलों के लिए बेहतर माहौल मिलेगा और वे नशे से दूर रहकर खेल गतिविधियों की ओर आकर्षित होंगे। उन्होंने बताया कि वार्ड के विकास को लेकर उनके मन में दो-तीन महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी हैं, जिन पर आने वाले समय में काम करने का प्रयास किया जाएगा।
