हनुमानगढ़। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया एवं चुनाव प्रणाली से जुड़े मुद्दों के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले जिले भर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलक्ट्रेट के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया। इससे पहले कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय में एकत्रित हुए। यहां से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में जिला कलक्ट्रेट तक मार्च निकाला। कलक्ट्रेट पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। कांग्रेस ने एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाता अधिकारों की रक्षा तथा चुनाव प्रणाली से जुड़े मुद्दों की जांच की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस का यह प्रदर्शन लोकतंत्र को बचाने और लगातार हो रही वोट चोरी के विरोध में है। उन्होंने कहा कि पहले विद्यार्थियों के पेपर चोरी होने की बात सामने आती थी, लेकिन अब वोट की भी चोरी होने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र और राज्य सरकार लोकतंत्र को खत्म करने का काम कर रही हैं। मक्कासर ने कहा कि मतदान का अधिकार आम व्यक्ति का सबसे बड़ा अधिकार है और इसी वोट की ताकत से उसकी लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी सुनिश्चित होती है। मक्कासर ने नगर निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए भाजपा पर धक्केशाही का आरोप लगाया और कहा कि इसका परिणाम आगामी पंचायती राज चुनावों में भाजपा को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। पूर्व उप जिला प्रमुख शबनम गोदारा ने कहा कि भाजपा का षड्यंत्र सामने आ गया है और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि इस्तीफा होने तक कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर रहेंगे। डॉ. प्रियंका चाहर ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाताओं से यह पूछा जा रहा है कि वे यहां के निवासी हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि निर्वाचन आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसे संविधान के अनुसार काम करना चाहिए। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा मतदाता सूची से जुड़े सवालों की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केन्द्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी, सुरेन्द्र मारवाल, प्रेमराज नायक सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूर्व जनप्रतिनिधि, पार्षद, पार्षद प्रत्याशी, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
