हनुमानगढ़। सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जाखड़ का शुक्रवार अल सुबह करीब 3.15 बजे आकस्मिक निधन हो गया। वे पिछले दो-तीन से बीमार थे और मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती थे। दोपहर को गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार हुआ। अंतिम यात्रा में परिजनों, सगे-संबंधियों, परिचितों के साथ पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों व गणमान्य नागरिकों ने शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई दी। मिलनसार प्रवृत्ति और नेक इन्सान के रूप में पहचान रखने वाले वीरेन्द्र जाखड़ लम्बे समय से सेवानिवृत्त पुलिस कल्याण संस्थान के अध्यक्ष थे। उन्होंने 2017-18 में हनुमानगढ़ में पुलिस उप अधीक्षक पद पर रहते हुए सेवाएं दी थीं। हनुमानगढ़ से स्थानांतरण के समय उनका एडिशनल एसपी पद पर प्रमोशन हुआ था। उनके एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। बड़ी बेटी विजेता जाखड़ डीएसपी के पद पर तैनात हैं। सेवानिवृत्त पुलिस कल्याण संस्थान से जुड़े सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आनन्द प्रकाश स्वामी सहित अन्य सदस्यों ने इसे संस्थान के लिए अपूर्णीय क्षति बताया।
