- जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के नेतृत्व में मुख्य बाजार, रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड सहित प्रमुख स्थानों पर निकाला मार्च, आमजन को दिया भयमुक्त वातावरण का संदेश
हनुमानगढ़। नवरात्रि पर्व, आगामी त्योहारों एवं पंचायती राज चुनाव के मद्देनजर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से आज हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च के दौरान मुख्य बाजार, भीड़भाड़ वाले स्थानों, रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड सहित प्रमुख क्षेत्रों में पुलिस बल ने मार्च किया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आगामी त्योहारों एवं पंचायती राज चुनाव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा आमजन को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध करवाना है। इस दौरान पुलिस ने अपनी सक्रिय उपस्थिति के माध्यम से आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा असामाजिक तत्वों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया। फ्लैग मार्च में अरविंद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़, करण सिंह, उप पुलिस अधीक्षक, एसएसटी सेल, पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन के थानाधिकारी परमेश्वर सुथार, पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन के थानाधिकारी लखवीर सिंह तथा महिला पुलिस थाना की थानाधिकारी श्रीमती चंद्रकला सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस लाइन, आरएसी एवं विभिन्न पुलिस थानों का पुलिस जाब्ता शामिल रहा। हनुमानगढ़ पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों एवं पंचायती राज चुनाव के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। पुलिस आमजन से अपील करती है कि त्योहारों को आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
