- सप्तमी पर महामाई का खोच भरायच कार्यक्रम, अष्टमी को निशा पूजन व छप्पन भोग का आयोजन
हनुमानगढ़। टाउन के वार्ड नंबर 45 स्थित मिथिला हनुमान मंदिर में दुर्गा पूजा समिति की ओर से 21वां दुर्गा पूजा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। महामाई के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं और माता के जयकारों से पूरा परिसर गूंज रहा है। महोत्सव के तहत शनिवार को सप्तमी के अवसर पर महामाई का खोच भरायच कार्यक्रम शुरू हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। धार्मिक अनुष्ठानों को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। दुर्गा पूजा समिति की ओर से महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। अष्टमी के अवसर पर महामाई का विशेष पूजन किया जाएगा।

अष्टमी की रात्रि में निशा पूजन होगा, जबकि मध्यरात्रि में माता को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इन धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। महोत्सव के अंतिम चरण में नवमी के अवसर पर हवन-यज्ञ और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद रात्रि में जागरण होगा तथा माता की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। समिति की ओर से सभी कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालु सहजता से माता के दर्शन कर सकें और धार्मिक आयोजनों में भाग ले सकें। दुर्गा पूजा समिति के सचिव दिलखुश मंडल ने श्रद्धालुओं से महामाई के दरबार में पहुंचकर दर्शन करने और धार्मिक आयोजनों में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि महामाई भव्य दरबार में विराजमान हैं। माता के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास उन्हें आध्यात्मिक शक्ति प्रदान करते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महोत्सव की शोभा बढ़ाने का आह्वान किया।
