– टिब्बी रोड पर नहर के पास रेल लाइन पार कराते समय हुआ हादसा, पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान
हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से करीब एक दर्जन गोवंश की मौत हो गई। हादसा टिब्बी रोड पर नहर के पास सुबह करीब 8 बजे हुआ। बताया गया कि गोवंश को चराने के लिए ले जाते समय रेल लाइन पार कराई जा रही थी। इसी दौरान अचानक ट्रेन आ गई और कई पशु उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि पशुओं के शव क्षत-विक्षत हो गए। हादसे से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, गोवंश को चराने के लिए ले जाया जा रहा था। जब उन्हें टिब्बी रोड पर नहर के पास रेल लाइन पार कराई जा रही थी, तभी ट्रेन आ गई। इससे पहले कि पशुओं को सुरक्षित हटाया जा सकता, वे ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में करीब एक दर्जन गोवंश की मौत हो गई।

टाउन के प्रेमनगर निवासी अब्दुल ने बताया कि उसने अपनी एक गाय चराने के लिए दूसरे व्यक्ति को दे रखी थी। शुक्रवार सुबह हुए इस हादसे में उसकी गाय की भी मौत हो गई। घटना में अन्य पशुपालकों के गोवंश भी मारे गए, जिससे कई परिवारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। पशुधन इन परिवारों की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन है। अब्दुल के अनुसार, एक गोवंश की कीमत करीब 40 से 50 हजार रुपए तक थी। इस हिसाब से करीब एक दर्जन गोवंश की मौत से लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इतनी बड़ी क्षति की भरपाई करना मुश्किल है। हादसे के बाद प्रभावित पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है। अब्दुल ने बताया कि उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और गाय की मौत से उन्हें बड़ा नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से हादसे में मारे गए गोवंश के बदले उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से मामले पर ध्यान देकर प्रभावित पशुपालकों को राहत देने की गुहार लगाई।
