हनुमानगढ़। जलदाय विभाग में बकाया राजस्व वसूली के दौरान एक उपभोक्ता पर अभद्र व्यवहार करने और राजकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगा है। इस संबंध में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जंक्शन उपखंड में कार्यरत पंप चालक चन्द्र सिंह ने शुक्रवार को जंक्शन पुलिस थाने में परिवाद सौंपकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। शिकायत के अनुसार, चन्द्र सिंह की ड्यूटी विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर बकाया राजस्व वसूली में लगाई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि 22 अक्टूबर को सुबह करीब 11.50 बजे वह अश्वनी गर्ग उर्फ आशु पुत्र ओमप्रकाश गर्ग के यहां बकाया राशि वसूलने पहुंचे थे। संबंधित उपभोक्ता के खाता नंबर 27767 और 27573 पर विभाग के करीब 13 हजार रुपए बकाया हैं। चन्द्र सिंह के अनुसार, जब उन्होंने बकाया राशि जमा करवाने के लिए कहा तो अश्वनी गर्ग उर्फ आशु गाली-गलौज करने लगा और अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर उन्हें अपमानित किया। इस व्यवहार के कारण वह अपना राजकीय कार्य पूरा नहीं कर सके और सरकारी कामकाज बाधित हुआ। शिकायतकर्ता ने बताया कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में घटनाक्रम रिकॉर्ड होने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के संबंध में 22 अक्टूबर को ही सहायक अभियंता को लिखित शिकायत देकर उचित कार्रवाई की मांग की गई थी। चन्द्र सिंह ने पुलिस से मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ राजकार्य में बाधा पहुंचाने और अभद्र व्यवहार करने के आरोपों में एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
