हनुमानगढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, हनुमानगढ़ नगर की ओर से विजयादशमी उत्सव, शस्त्र पूजन एवं पथ संचलन का आयोजन रविवार, 25 अक्टूबर को किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 9 बजे टाउन स्थित भटनेर किले के सामने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (फोर्ट) के खेल मैदान में प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में हनुमानगढ़ नगर के स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में शामिल होंगे। हनुमानगढ़ जिला कार्यवाह नीरज शर्मा ने बताया कि विजयादशमी उत्सव के उपलक्ष में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से देशभर में पथ संचलन कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में हनुमानगढ़ नगर में भी यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ शस्त्र पूजन के साथ होगा। इसके पश्चात मुख्य वक्ता संबोधित करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात शिक्षाविद् एवं अर्थशास्त्री डॉ. संतोष राजपुरोहित तथा मुख्य वक्ता के रूप में जोधपुर प्रांत धर्म जागरण संयोजक देवेंद्र प्रकाश मौजूद रहेंगे। मुख्य वक्ता के बौद्धिक के पश्चात सुबह 10.50 बजे स्वयंसेवक घोष की धुन पर अनुशासनबद्ध तरीके से नगर के प्रमुख मार्गांे से पथ संचलन करेंगे। हनुमानगढ़ जिला प्रचार प्रमुख चेतन जिंदल ने बताया कि पथ संचलन को लेकर नगर में उत्साह का वातावरण है। नगर के 50 से अधिक सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों की ओर से पथ संचलन का स्वागत किया जाएगा। इसके लिए पथ संचलन के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर 50 से अधिक स्वागत द्वार लगाए गए हैं। समाज की ओर से लगभग 200 किलो फूलों से पुष्प वर्षा कर इस पथ संचलन का स्वागत किया जाएगा। हनुमानगढ़ नगर संघचालक अनिल अग्रवाल ने बताया कि पथ संचलन में समाज की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए श्रीगंगानगर विभाग प्रचारक अशोक विजय के निर्देशन में सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। इसके साथ ही आयोजन की व्यवस्थाओं एवं कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला, नगर और प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक भी की गई। हनुमानगढ़ नगर कार्यवाह अमित सोनी ने नगर में निवास करने वाले सभी स्वयंसेवकों से पूर्ण गणवेश में निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने तथा पथ संचलन में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
